मंदसौर। मंदसौर जिले में किसानों और व्यापारियों की उपज को निशाना बनाने वाली शातिर सोयाबीन चोर गैंग का नई आबादी थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 16 क्विंटल 40 किलो सोयाबीन और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो पिकअप जब्त की है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सीतामऊ फाटक ब्रिज के नीचे बने ब्लॉक से अज्ञात बदमाशों ने सोयाबीन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फरियादी की शिकायत पर नई आबादी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से निगरानी करते हुए आरोपी श्रवण मोगिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों हंसराज मोगिया और राकेश मोगिया के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सोयाबीन और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी श्रवण ने मंदसौर जिले के अफजलपुर और सीतामऊ के साथ रतलाम जिले के असावती क्षेत्र में भी सोयाबीन और लहसुन चोरी की वारदातों में शामिल होना बताया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पिता रामचंद्र मोगिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी नई आबादी अफजलपुर के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथी हंसराज पिता बाबुसिंह उर्फ बाबूलाल मोगिया और राकेश पिता भोमसिंह मोगिया, दोनों निवासी रंगाराखेड़ी थाना कानवन जिला धार, फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने 16 क्विंटल 40 किलोग्राम सोयाबीन, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए है, और 7 लाख रुपए कीमत की महिंद्रा बोलेरो पिकअप जब्त की है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ और फरार साथियों की तलाश कर रही है।