मंदसौर। जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और संग्रहण पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंदसौर नगर में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने देशी मदिरा की कुल 113 बोतलें जब्त की हैं।
जिला आबकारी अधिकारी रामहंस पचौरी ने बताया कि विभाग की टीम ने शिवना ब्रिज के पहले जेल के पीछे स्थित एक रिहायशी मकान पर कार्रवाई की। यहां से प्रदीप पिता श्यामलाल के कब्जे से देशी मदिरा की 48 बोतलें जब्त की गईं।
वहीं, मंदसौर-सीतामऊ मार्ग पर सीतामऊ ब्रिज के आगे स्थित एक गुमटी की तलाशी लेने पर देशी मदिरा प्लेन की 65 बोतलें बरामद हुईं। इस मामले में संबंधित आरोपी की तलाश की जा रही है।
इसके अलावा आबकारी विभाग की टीम ने सीतामऊ रोड स्थित अपना ढाबा पर भी सघन तलाशी अभियान चलाया।
आबकारी अधिकारी के अनुसार, उक्त कार्रवाई में आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से शराब की बिक्री, परिवहन और संग्रहण करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।