खरगोन। जिले के कसरावद तहसील क्षेत्र के मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित औद्योगिक क्षेत्र निमरानी में गुरुवार को महाराजा फूड्स कंपनी में अचानक आग लगने से लाखों रुपए का सामान और मशीनरी जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।आग का पता सुबह चल पाया था।
जानकारी के अनुसार कंपनी में आग लगने की घटना की जानकारी गुरुवार सुबह कंपनी संचालक शिवम जायसवाल को मिली। इसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही खलटाका पुलिस के साथ ठीकरी और कसरावद से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग की चपेट में आकर कंपनी में रखा चायपत्ती का लाखों रुपए का स्टॉक और मशीनरी जलकर खाक हो चुकी थी।गनीमत यह रही कि आग आसपास की दूसरी इकाइयों तक नहीं फैली। कंपनी के पास ही गैस सिलेंडरों से भरा गोदाम भी स्थित है। यदि आग वहां तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।निमरानी औद्योगिक क्षेत्र में सैकड़ों छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, लेकिन यहां स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं होने से आगजनी की घटनाओं के दौरान आसपास के शहरों से दमकल बुलानी पड़ती है। ऐसे में समय पर राहत कार्य शुरू नहीं हो पाने से नुकसान बढ़ने की आशंका रहती है। ग्रामीणों ने औद्योगिक क्षेत्र में स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने की मांग उठाई है।