देवास। छात्रावास में छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता की हकीकत जानने के लिए कलेक्टर नेहा मीना मंगलवार देर शाम महारानी चिमनाबाई स्कूल परिसर स्थित उत्कृष्ट बालिका छात्रावास पहुंचीं। यहां कलेक्टर ने छात्राओं के बीच बैठकर भोजन किया और उसकी गुणवत्ता परखी। भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वार्डन अनुपस्थित मिलीं। छात्राओं द्वारा की गई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने वार्डन के निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बीईओ देवास को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने छात्रावास के कमरों, बिस्तरों, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही भोजन छात्रावास में ही तैयार कराने, 5 नए गीजर और शुद्ध पेयजल के लिए आरओ सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि छात्रावास में रहने वाली बेटियों के भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। छात्राओं की देखभाल और उनका बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।