शाजापुर। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर रात शाजापुर से करीब 15 किलोमीटर दूर दुपाड़ा रोड पर कतवारिया के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक देवास से बाइक पर सवार होकर अपने गांव कड़ूला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कतवारिया के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दुपाड़ा चौकी प्रभारी अंकित इटावदिया ने बताया कि वे लालघाटी थाना प्रभारी के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां दो युवक सड़क पर पड़े मिले। इनमें एक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान युवराज निवासी डिंडोरी जिला आगर के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक जगदीश निवासी कड़ूला है। घायल का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश सहित मामले की जांच शुरू कर दी है।