देवास। खातेगांव में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी को देवास ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर के सयाजी द्वार पर आयोजित श्रद्धांजलि सभाओं में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के लोगों ने पहुंचकर वीर सपूत को नमन किया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रजत पाल के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान भाजयुमो पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर तथा पुष्प अर्पित कर शहीद दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि दी।
वहीं, सर्व हिंदू समाज की ओर से भी सयाजी द्वार पर अलग से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। समाजजनों ने दीप प्रज्वलित कर शहीद TI को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि दिलीप पुरी ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में दिखाया गया उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। उनका बलिदान पुलिस विभाग और समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
मोमबत्तियों की रोशनी और नम आंखों के बीच देवास ने अपने वीर सपूत को भावभीनी विदाई और श्रद्धांजलि दी।