खरगोन। जिले के कसरावद में किसान मजदूर महासंघ म.प्र. के जिलाध्यक्ष संतोष यादव के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री और एसडीएम कसरावद के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि धीरेन्द्र गर्ग (शास्त्री) द्वारा आराध्य श्रीकृष्ण योगेश्वर जी पर व्यासपीठ मंच से उनके चरित्र को टेढ़ा-मेढ़ा बताकर, नामों को बिगाड़कर, धाम वृंदावन को टेढ़ा और बांसुरी बजाना को भद्दा बताकर भारी अपमान किया गया। साथ ही प्रभु श्रीराम जी के पांच बापों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया, जो कि दोनों महाप्रभु भगवान विष्णु के अवतार और संपूर्ण भारत ही नहीं विश्व के आराध्य हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह कृत्य बहुत ही निंदनीय एवं हिन्दू धर्म के प्रति अशोभनीय है, जिससे देश के समस्त अहीर यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, क्षोभ एवं दुख भी है। लेकिन अब तक इस विषय में एक भी शब्द नहीं निकाला गया।
मांग की गई है कि ऐसे ढोंगी एवं पाखंडी को भविष्य में मंचासीन न होने देकर पवित्र व्यास पीठ की गरिमा को बनाए रखा जाए, अन्यथा देश का समस्त यादव समाज आंदोलन हेतु सड़कों पर उतरेगा।