जयपुर। लोकतंत्र में पत्रकारिता की अहम भूमिका और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्रता और उन्हें न्याय दिलाना उसकी प्राथमिकता है। साथ ही, पत्रकारों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राजस्थान पुलिस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम और फेसबुक हैंडल पर पोस्ट साझा कर कहा कि लोकतंत्र की आवाज को निर्भीक बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता के साथ-साथ उन्हें न्याय मिलना भी आवश्यक है।
पुलिस ने संदेश में भरोसा दिलाया कि पत्रकारों के खिलाफ अपराध करने वालों के मामलों में गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। राजस्थान पुलिस के इस संदेश को पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।