झाबुआ। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए झाबुआ पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस द्वारा जिलेभर में पटाखा दुकानों की जांच के साथ बाजार क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एसडीओपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पटाखा दुकानों की सघन जांच की गई। इस दौरान दुकानों के लाइसेंस, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण और निर्धारित सुरक्षा मानकों का निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानदारों को कार्बाइड गन का उपयोग नहीं करने की समझाइश भी दी गई।
बाजारों में यातायात व्यवस्था का लिया जायजा-
इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों ने बाजार क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। ठेला चालकों, दुकानदारों और नागरिकों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों से बचने की समझाइश दी गई। त्योहार के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस की आमजन से अपील-
झाबुआ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली का पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।