नीमच। दीपावली के त्योहार से पहले किसानों को नकदी की जरूरत है। वहीं, आगामी फसल की तैयारी भी उनके सामने है। ऐसे में किसान अपनी उपज लेकर कृषि उपज मंडियों का रुख कर रहे हैं। नीमच की कृषि उपज मंडी चंगेरा में भी पोस्तादाना की अच्छी आवक देखने को मिली। धनतेरस से पहले मंडी में कारोबार का यह अंतिम दिन रहा। इसके बाद मंडी में आगामी छह दिनों तक अवकाश रहेगा।
मंडी में करीब 400 बोरी पोस्तादाना की आवक दर्ज की गई। यहां गुणवत्ता के आधार पर किसानों को अलग-अलग भाव मिले। अच्छी गुणवत्ता वाले पोस्तादाना के भाव करीब 1 लाख 60 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचे, जबकि हल्की और निम्न गुणवत्ता वाले माल के भाव 90 हजार से 1 लाख 20 हजार रुपये प्रति क्विंटल के आसपास रहे।
एक ही मंडी में गुणवत्ता के आधार पर भावों में बड़ा अंतर देखने को मिला। अच्छी गुणवत्ता की उपज बेचने वाले कुछ किसान अच्छे दाम मिलने से संतुष्ट नजर आए, जबकि हल्की गुणवत्ता वाले माल के कम भाव मिलने से कुछ किसानों में मायूसी दिखाई दी।
कुछ किसान भावों से संतुष्ट, कुछ उपज लेकर लौटे-
पोस्तादाना के भावों की वास्तविक स्थिति और किसानों की राय जानने के लिए दीपावली से पहले मंडी के अंतिम कारोबारी दिन वॉइस ऑफ एमपी की टीम कृषि उपज मंडी चंगेरा पहुंची। यहां चीफ रिपोर्टर मुश्ताक अली शाह ने किसानों से सीधी बातचीत की।
बातचीत के दौरान कुछ किसानों ने अपनी उपज के अच्छे दाम मिलने पर संतोष जताया, वहीं कुछ किसानों को उम्मीद के मुताबिक भाव नहीं मिलने के कारण अपनी उपज वापस घर ले जाते हुए भी देखा गया।
इस तरह मंडी में पोस्तादाना की गुणवत्ता के अनुसार भावों में अंतर रहा। किसानों के लिए अच्छी गुणवत्ता का माल बेहतर कीमत दिलाने वाला साबित हुआ, जबकि कम गुणवत्ता वाले माल के भाव अपेक्षाकृत नीचे रहे।