इंदौर। यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर राकेश सिंघई के शासकीय निवास पर RSS और भाजपा नेताओं को भोजन कराने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है।
कांग्रेस नेताओं ने इसे शैक्षणिक संस्थान की निष्पक्षता और गरिमा के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया। गुरुवार को कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी और देवेंद्र सिंह यादव राहुल गांधी की तस्वीर लेकर आरएनटी मार्ग स्थित यूनिवर्सिटी पहुंचे।
उन्होंने कुलपति से सवाल किए और यूनिवर्सिटी की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। वहीं कुलपति ने कहा कि उन्होंने अपने परिचितों को भोजन पर आमंत्रित किया था। कांग्रेस नेताओं के कार्यालय में आकर वीडियो बनाने और दुर्व्यवहार करने के मामले में उन्होंने शिकायत करने की बात कही।
राहुल गांधी की तस्वीर लेकर यूनिवर्सिटी पहुंचे कांग्रेसी
कांग्रेस नेताओं ने सवाल किया कि कुलपति अपने शासकीय निवास पर RSS और भाजपा नेताओं को भोजन कराकर विद्यार्थियों को क्या संदेश देना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति को किसी एक राजनीतिक विचारधारा से जुड़े नेताओं की मेहमाननवाजी करना उचित नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी पूछा कि RSS और भाजपा नेताओं को भोजन पर आमंत्रित करने वाले कुलपति कांग्रेस नेताओं से चर्चा करने से क्यों बच रहे हैं? उनके मुताबिक, यूनिवर्सिटी में सभी विचारधाराओं के विद्यार्थियों और शिक्षकों को समान सम्मान मिलना चाहिए।
सवालों के बीच कार में बैठकर रवाना हुए कुलपति
कांग्रेस नेताओं के सवालों के बाद कुलपति राकेश सिंघई कार्यालय से बाहर आए और पहली मंजिल से नीचे उतरकर अपनी कार में बैठकर रवाना हो गए। कांग्रेस नेता उनके पीछे-पीछे सवाल पूछते रहे, लेकिन कुलपति ने कोई जवाब नहीं दिया।
राज्यपाल से कुलपति को हटाने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से कुलपति राकेश सिंघई को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक गरिमा, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए यह जरूरी है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि दीपावली के बाद यूनिवर्सिटी के कथित भगवाकरण और शैक्षणिक संस्थान में राजनीतिक विचारधारा के हस्तक्षेप के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कुलपति बोले- परिचितों को भोजन पर बुलाया था
कुलपति प्रोफेसर राकेश सिंघई ने कहा कि कांग्रेस नेता जबरन कार्यालय में आए और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। उन्होंने मोबाइल बंद करने को कहा, लेकिन उनके मुताबिक कांग्रेस नेताओं ने दुर्व्यवहार किया। कुलपति ने कहा कि भोजन पर अपने परिचितों को आमंत्रित किया था। कांग्रेस नेताओं के व्यवहार को देखते हुए उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की बात कही है।