नीमच। दीपावली के पावन पर्व पर कुम्हार समाज के पारंपरिक व्यवसाय को प्रोत्साहित करने और स्थानीय कारीगरों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले में मिट्टी के दीयों की बिक्री को बढ़ावा देने के निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार, मिट्टी के दीये बनाने वाले कुम्हार समाज के लोगों से बाजारों में इनके विक्रय पर किसी भी प्रकार का कर या अधिभार नहीं वसूला जाएगा। उन्होंने नगर पालिका, नगर परिषद, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि मिट्टी के दीयों की बिक्री में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने दें और इनके विक्रय के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से भी दीपावली पर मिट्टी के दीयों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों, स्वदेशी उत्पादों, पारंपरिक कला और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।