नीमच। दीपावली के पावन पर्व पर स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिलेवासियों से मिट्टी के दीयों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
कलेक्टर ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों-कर्मचारियों, उनके परिजनों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे इस दीपावली अपने घरों और प्रतिष्ठानों में मिट्टी के दीये जलाएं तथा स्थानीय कुम्हारों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीयों की खरीद से स्थानीय कारीगरों को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से स्थानीय कारीगरों से मिट्टी के दीये खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान में सहभागी बनने और दीपावली की पारंपरिक संस्कृति को प्रोत्साहित करने की अपील की है।