नीमच। मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के तहत नीमच जिले की मनासा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कंजार्डा में 1 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से गौशाला का उन्नयन एवं निर्माण कार्य कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में गौवंश संरक्षण और बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित होंगी।
गौशाला का निर्माण ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के माध्यम से निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार किया जाएगा। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया जाएगा।
निर्माण कार्य जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्य की प्रगति के आधार पर निर्माण एजेंसी को चरणबद्ध तरीके से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रथम चरण में प्रति गौशाला 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण कार्य 60 प्रतिशत पूर्ण होने पर शेष राशि की मांग की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में गौशालाओं के निर्माण को प्रोत्साहित कर गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।