नीमच। आयुष विभाग के अंतर्गत शासकीय आयुर्वेद औषधालय पिपलिया रावजी द्वारा गुरुवार को आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-4 में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 42 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में श्वास-कास, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, उदर रोग, अम्लपित्त, अग्निमांद्य, वात रोग और अनिद्रा सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। इस दौरान मरीजों की निःशुल्क बीपी जांच भी की गई तथा आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में पंचायत सदस्य, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।