नीमच। दीपावली महापर्व के दौरान शहर में सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नीमच यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। धनतेरस (6 नवंबर), रूप चौदस (7 नवंबर) और दीपावली (8 नवंबर) को शहर में मार्ग परिवर्तन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा यह व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, तीनों दिन सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक निर्धारित मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं, जावद फंटा, भरभड़िया फंटा, मालखेड़ा फंटा, जेतपुरा फंटा, भाटखेड़ा फंटा और छोटी सादड़ी रोड से शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों पर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित-
फव्वारा चौक से विजय टॉकीज चौराहे तक, फोरजीरो चौराहे से फव्वारा चौक तक, ज्ञान मंदिर तिराहे से नया बाजार की ओर, बारादरी चौराहे से नया बाजार की ओर तथा हाट मैदान और महेश सर्कल चौराहे से टैगोर मार्ग की ओर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसी प्रकार मूलचंद मार्ग से नया बाजार रोड पर मिलने वाली मदन मछली गली, घंटाघर गली और कुम्हारा गली सहित अन्य गलियों में भी तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया वाहनों का दबाव बढ़ने पर उनके प्रवेश पर भी रोक लगाई जा सकती है। प्रतिबंधित मार्गों को छोड़कर शहर के अन्य मार्गों पर आवागमन सामान्य रहेगा।
इन मार्गों से कर सकेंगे आवागमन-
- पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से हाट मैदान, वीर पार्क रोड और चौपड़ा चौराहे तक दो, तीन और चार पहिया वाहन आ-जा सकेंगे।
- बस स्टैंड से मूलचंद मार्ग, मसीह चर्च और चौकन्ना बालाजी तक आवागमन जारी रहेगा।
- मैसी शोरूम चौराहे से टीवीएस शोरूम, बंसल चौराहा और गोमाबाई रोड तक वाहनों की आवाजाही रहेगी।
इन स्थानों पर रहेगी पार्किंग व्यवस्था-
टैगोर मार्ग और नया बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए दशहरा मैदान, टाउन हॉल, पुरानी नगर पालिका, हेमू कॉलोनी चौराहे से बर्फ फैक्ट्री के सामने, सांदीपनि स्कूल ग्राउंड, जैन भवन के पास, नूतन स्कूल ग्राउंड और राठौर परिसर में व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस की आमजन से अपील-
यातायात पुलिस ने स्थानीय ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों से अपील की है कि वे 6 से 8 नवंबर तक अपने भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश और निकास रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच ही करें। व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के सामने वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए कम से कम दो स्वयंसेवक तैनात रखें।
टैगोर मार्ग और नया बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों से तीनों दिन चार पहिया वाहनों के बजाय दोपहिया वाहनों का उपयोग करने की अपील की गई है। वहीं, टैगोर मार्ग, नया बाजार और वीर पार्क रोड क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों से अपने चार पहिया वाहन सड़कों पर पार्क नहीं करने और उन्हें किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने का आग्रह किया गया है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से दीपावली के दौरान जारी की गई व्यवस्था का पालन करने और सुचारु यातायात बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।