मनासा। मनासा-झालावाड़ रोड पर ढढेरी पुलिया के समीप मंगलवार शाम करीब 8 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर ट्रॉली सहित नदी में जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक भी नदी में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों एवं राहगीरों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार राकेश पिता दुर्गालाल भील, निवासी रेलटा, तहसील बकानी, जिला झालावाड़, नीमच से अपने गांव की ओर ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसी दौरान ढढेरी पुलिया के समीप अचानक ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत नदी में जा गिरा। हादसे में चालक भी नदी में गिर गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों एवं राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 के पायलट राहुल भट्ट एवं राजमल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों और राहगीरों के सहयोग से नदी में गिरे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
गनीमत रही कि हादसे में चालक राकेश भील को कोई गंभीर चोट नहीं आई। समय रहते चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों एवं राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।