चित्तौड़गढ़। भगवान तेजाजी महाराज का तीन दिवसीय वार्षिक मेला 19 सितंबर से प्रतापनगर में जयमल फत्ता रोड स्थित तेजाजी चौक पर आयोजित किया जाएगा। मेले को लेकर आयोजकों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
भगवान तेजाजी महाराज सार्वजनिक न्यास के अध्यक्ष महेंद्र सिंह मेड़तिया ने बताया कि तीन दिवसीय मेले के दौरान प्रतिदिन शाम 8 बजे से दुर्गेश राव एंड पार्टी द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान तेजाजी महाराज के जीवन चरित्र को दर्शाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रविवार, 20 सितंबर को सुबह 9 बजे गवरी नृत्य का आयोजन होगा। वहीं, 21 सितंबर को सुबह 8 बजे यज्ञ-हवन, प्रसाद वितरण और निशान चढ़ाने का कार्यक्रम रखा गया है।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से मेले में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ लेने का आह्वान किया है।