चित्तौड़गढ़। आगामी नगर निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के आयुक्त राज राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिला कलक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनावों के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों की स्थिति, मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित बनाने, कानून एवं शांति व्यवस्था की तैयारियों, मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, निरीक्षण तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने सभी जिलों से चुनावी तैयारियों की कार्ययोजना एवं व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर देते हुए महाविद्यालयों में संचालित मतदाता साक्षरता क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला कलक्टरों से स्वयं महाविद्यालयों में पहुंचकर युवा एवं नए मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
बैठक में बताया गया कि नगर निकाय चुनाव अधिकतम दो चरणों तथा पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव अधिकतम चार चरणों में आयोजित किए जाएंगे। चित्तौड़गढ़ जिले में दो नगर परिषद एवं पांच नगरपालिकाओं के चुनाव दो चरणों में, जबकि पंचायत समितियों के चुनाव चार चरणों में संपन्न कराए जाएंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू, अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर रावतभाटा, नगर विकास न्यास सचिव सहित निर्वाचन कार्यों से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।