शाजापुर। जिले में पुलिस ने तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बरामद किए गए करीब 130 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बताया कि भारत सरकार के संचार मंत्रालय द्वारा संचालित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया। साइबर सेल और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें संबंधित थानों में सुरक्षित लाया गया।
लंबे समय से अपने मोबाइल फोन के वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनके फोन पुलिस ने लौटाए तो उनके चेहरे पर खुशी नजर आई। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस और साइबर सेल की टीम का आभार जताया। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल सकेगा।
गुम मोबाइल की तत्काल शिकायत करने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल इसकी शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। इससे मोबाइल के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने में मदद मिलती है और पुलिस के लिए तकनीकी माध्यम से उसे ट्रैक करना आसान होता है।
पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने वाले नागरिकों को राहत मिली है और CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीक के उपयोग से पुलिस की कार्रवाई की प्रभावशीलता भी सामने आई है।