राजगढ़। थाना राजगढ़ पुलिस ने कियोस्क संचालक के साथ हुई डकैती की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर एवं एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजगढ़ समीर पाटीदार को संपत्ति संबंधी अपराधों के आरोपियों की धरपकड़ एवं निराकरण के निर्देश दिए गए थे।
जानकारी के अनुसार 1 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे राजगढ़-तिरला मार्ग स्थित ग्राम छढ़ावद में अज्ञात बदमाशों ने कियोस्क संचालक रवि पिता हरिसिंह राठौड़ के साथ डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में थाना राजगढ़ में अपराध क्रमांक 366/26 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के बाद थाना प्रभारी श्री समीर पाटीदार ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए संदिग्धों की पहचान की और पूछताछ के बाद वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अश्विन उर्फ कालू पिता रतन मेड़ा (18 वर्ष), निवासी ग्राम काली देवी थाना टांडा और सचिन पिता जानू डावर (20 वर्ष), निवासी ग्राम काली देवी थाना टांडा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी अश्विन के कब्जे से डेल कंपनी का लैपटॉप, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, जबकि आरोपी सचिन के पास से नीले रंग का बैग, फिंगरप्रिंट स्कैनर मशीन और 15 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार कुल बरामद मशरूका की कीमत करीब 40 हजार रुपये है।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।