बड़वानी। नवरात्रि पर्व को लेकर शहर में गरबा आयोजनों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में मां गरबा रास समिति द्वारा इस वर्ष भी 9 दिवसीय भव्य ओपन गरबा रास का आयोजन किया जाएगा। आयोजन 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक अयोध्या धाम फुटबॉल ग्राउंड पर किया जाएगा। आयोजन को लेकर गुरुवार को राजघाट रोड स्थित वैष्णवी एमिनेंट स्कूल में समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।समिति के दिनेश शर्मा सहित सदस्यो ने बताया कि मां गरबा रास का आयोजन वर्ष 2014 से निरंतर किया जा रहा है। इस वर्ष भी नवरात्रि के नौ दिनों तक शहरवासियों को ओपन गरबा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोजन सभी के लिए पूर्णतः निशुल्क रहेगा। अयोध्या धाम फुटबॉल ग्राउंड पर विशेष रूप से भव्य पंडाल तैयार कर गरबा रास का आयोजन किया जाएगा।
इस बार आयोजन में निमाड़ी, गुजराती सहित विभिन्न पारंपरिक गरबा एवं नृत्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। गुजरात से गायक एवं वादक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, वहीं खंडवा और रतलाम के कलाकार भी गरबा रास में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि गरबा आयोजन पहले दिन से ही विशेष प्रस्तुतियों के साथ प्रारंभ होगा, जिससे नवरात्रि के पहले दिन से ही गरबा प्रेमियों में उत्साह देखने को मिलेगा।
समिति द्वारा आयोजन स्थल पर आने वाले अतिथियों के लिए अलग से बैठक व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं नवरात्रि के दौरान विशेष दिनों पर दर्शकों एवं गरबा प्रेमियों के लिए आकर्षक उपहार भी रखे गए हैं। इनमें फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी और वाटर कूलर सहित अन्य आकर्षक उपहार शामिल रहेंगे।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन को व्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य रूप से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की। समिति ने शहरवासियों से नवरात्रि के नौ दिवसीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। वही म्यूजिक सहित साउंड सिस्टम ओर अन्य सभी का मुख्य रूप से मयंक शर्मा(मय्यू)के द्वारा देखा जायेगा।
आयोजन समिति में अध्यक्ष सकूं भाई दरबार, उपाध्यक्ष रमेश भाई मुकाती, सचिव कपिल यादव, कोषाध्यक्ष अमित यादव तथा मीडिया प्रभारी पत्रकार आदित्य शर्मा हैं।