चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने शहर में हुई वाहन चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपी और चोरी के वाहन खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को प्रतापनगर निवासी अजय कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपनी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक आरजे 09 एसपी 0421 को सुबह करीब 10.50 बजे पर्ल हॉस्पिटल के सामने खड़ा किया था। करीब आधे घंटे बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया था।
शहर में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी चित्तौड़गढ़ बृजेश सिंह के निर्देशन में कोतवाली थानाधिकारी रजनीश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य, साइबर सेल तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से संदिग्ध सद्दाम उर्फ भयु पुत्र सदीक मोहम्मद, उम्र 26 वर्ष, निवासी कच्ची बस्ती गांधीनगर, चित्तौड़गढ़ को डिटेन कर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सद्दाम ने पर्ल हॉस्पिटल के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ दो अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना भी स्वीकार किया। उसने चोरी की मोटरसाइकिलें अभिषेक पुत्र प्रभुलाल दमामी, उम्र 25 वर्ष, निवासी नई आबादी, हॉस्पिटल के पास, पुठोली, थाना गंगरार को बेचने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने अभिषेक को डिटेन कर पूछताछ की और उसके कब्जे से चोरी की तीनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी-
- सद्दाम उर्फ भयु पुत्र सदीक मोहम्मद, उम्र 26 वर्ष, निवासी कच्ची बस्ती गांधीनगर, चित्तौड़गढ़।
- अभिषेक दमामी पुत्र प्रभुलाल दमामी, उम्र 25 वर्ष, निवासी नई आबादी, हॉस्पिटल के पास पुठोली, थाना गंगरार।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम-
थानाधिकारी रजनीश कुमार, एएसआई हरवीरसिंह, एएसआई राजकुमार (प्रभारी साइबर सेल चित्तौड़गढ़), कांस्टेबल राजेश, प्रहलाद एवं भूपेंद्र सिंह।