चित्तौड़गढ़। कनेरा थाना पुलिस ने स्विफ्ट कार में 100 किलो अवैध डोडाचूरा छोड़कर फरार हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी डिटेन किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 10 जुलाई 2026 को बिजयपुर थानाधिकारी रामलाल मय टीम एक संदिग्ध स्विफ्ट कार का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान कार चालक और उसका साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 100 किलो अवैध डोडाचूरा मिला। डोडाचूरा जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया तथा अनुसंधान कनेरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह को सौंपा गया।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक निंबाहेड़ा शिवप्रकाश के सुपरविजन में थानाधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा टोल टैक्स के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान स्विफ्ट कार को मौके पर छोड़कर फरार हुए आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रवण सुहालका, पुखराज लौहार और राजेश उर्फ राजू सालवी को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को डिटेन किया गया। मामले में डोडाचूरा की सप्लाई से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी-
- श्रवण सुहालका पुत्र स्व. कालुलाल सुहालका, निवासी सियालिया, थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़।
- पुखराज लौहार पुत्र ओमप्रकाश लौहार, उम्र 27 वर्ष, पेशा मजदूरी, निवासी होली थड़ा, खटीकों का मोहल्ला, चारभुजा रोड, आमेट, जिला राजसमंद।
- राजेश उर्फ राजू सालवी पुत्र नाथूलाल सालवी, उम्र 33 वर्ष, पेशा मजदूरी, निवासी चंपा का गुड़ा, थाना आमेट, जिला राजसमंद।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम-
थानाधिकारी महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल रणजीत, रामनिवास एवं वासुदेव।