मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी में मंगलवार अलसुबह मनासा रोड स्थित माधव बीज भंडार के पास साड़ी की दुकान के बाहर खड़ी बाइक तीन बदमाश चोरी कर ले गए। वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में बदमाश चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोलकर उसे स्टार्ट करते नजर आ रहे हैं। पूरी वारदात करीब एक मिनट में अंजाम दी गई।
जानकारी के अनुसार, सरवानिया निवासी पवन पिता गोपालजी पोरवाल की काले रंग की बाइक क्रमांक एमपी 14 एनई 5115 मंगलवार सुबह करीब 4.42 बजे साड़ी की दुकान के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। इनमें से दो बदमाश नीचे उतरे और खड़ी बाइक के पास पहुंच गए।
चाबी से खोला लॉक, बाइक लेकर भागे-
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक बदमाश चाबी से बाइक का लॉक खोलता है और कुछ ही सेकंड में लॉक खुल जाता है। इसके बाद दूसरा बदमाश बाइक पर बैठकर उसे स्टार्ट करता है और दोनों बाइक लेकर वहां से फरार हो जाते हैं। तीसरा बदमाश अपनी बाइक से उनके पीछे निकल जाता है।
पूरी वारदात करीब एक मिनट में हुई। सुबह के समय हुई चोरी में बदमाशों ने इतनी तेजी से वारदात को अंजाम दिया कि आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस-
बाइक चोरी होने के बाद पीड़ित ने पिपलियामंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
पिपलियामंडी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच इस वारदात के बाद लोगों में चिंता है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।