मनासा। ग्राम बावड़ा के पूर्व सरपंच रामगोपाल पाटीदार के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचितजन अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। अंतिम यात्रा के दौरान माहौल गमगीन रहा और हर आंख नम दिखाई दी।
बताया गया कि रामगोपाल पाटीदार ग्राम पंचायत बावड़ा की स्थापना के बाद प्रथम निर्विरोध सरपंच चुने गए थे। उन्होंने करीब 15 वर्षों तक सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाली और पंचायत एवं ग्रामीणों के हित में कार्य किया। लंबे समय तक पंचायत की जिम्मेदारी निभाने के कारण ग्रामीणों से उनका विशेष जुड़ाव रहा।
उनकी अंतिम यात्रा में ग्राम बावड़ा सहित आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सरल और सहज स्वभाव के रामगोपाल पाटीदार के निधन की खबर से ग्रामीणों में गहरा दुख है। पुत्र एवं परिजनों ने नम आंखों से उन्हें मुखाग्नि दी।
ग्रामीणों ने कहा कि रामगोपाल पाटीदार का निधन गांव के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और पंचायत के प्रति योगदान को ग्रामीण लंबे समय तक याद रखेंगे। उपरोक्त जानकारी पत्रकार शब्बीर बोहरा ने दी।