देवास। वीर तेजाजी महाराज की तेजा दशमी के अवसर पर परसराम ग्रुप के तत्वावधान में भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत राधागंज से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई निकली। यात्रा में भगवान भोलेनाथ, महाकाल सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिकात्मक झांकियां शामिल रहीं।
निशान यात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन हाथों में निशान लेकर शामिल हुए और वीर तेजाजी महाराज के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा में मातृशक्ति की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव एवं भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाजजन भी शामिल हुए।
यात्रा संयोजक बाबू यादव ने बताया कि प्रतिवर्ष तेजा दशमी के अवसर पर निशान यात्रा निकाली जाती है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि तेजा दशमी के अवसर पर निकाली जाने वाली यह निशान यात्रा सामाजिक समरसता का संदेश देती है। उन्होंने सभी को तेजा दशमी की शुभकामनाएं दीं।
वहीं भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव ने कहा कि तेजा दशमी के पावन पर्व पर बड़ी संख्या में निशान यात्रा निकाली गई। आज की युवा पीढ़ी सनातन धर्म और अपनी पुरातन संस्कृति से जुड़कर उसे जीवित रखने का कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य के साथ यह निशान यात्रा निकाली जाती है और वीर तेजाजी महाराज को निशान चढ़ाए जाते हैं।