रतलाम/जावरा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावट के संदेह में खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने जावरा के पिपलोदा रोड स्थित सैनी श्री नमकीन एवं मिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां मिलावट की शंका के आधार पर बूंदी लड्डू एवं सेव के नमूने लिए गए। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में पिपलोदा रोड स्थित समृद्धि सुपरमार्ट से अनमोल कोरिएंडर पाउडर एवं मूंगफली दाना के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं आजाद चौक जावरा स्थित आदेश ट्रेडर्स 24 से डबल तेजा लाल मिर्च का नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए पांचों नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।