मुरैना। नैनागढ़ रोड स्थित सौन्दर्य मेकअप स्टूडियो में हुई लाखों रुपए की चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने राजस्थान के धौलपुर जिले से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत करीब 10 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त की शाम स्टूडियो संचालक राहुल गुप्ता अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने पोरसा गए थे। अगले दिन वापस लौटने पर घर के दरवाजे और कमरों के ताले टूटे मिले। अलमारी की जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से ज्यादा ब्ब्ज्ट कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने धौलपुर निवासी वीडियो उर्फ अरमान और नस्सो उर्फ नसुरुद्दीन उर्फ बबलू की पहचान की।
पुलिस टीम ने 20 सितंबर को राजस्थान के मनिया थाना क्षेत्र के विपरपुर गांव में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत करीब 10 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश में राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी दबिश दी गई। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की भी उम्मीद है।