ग्वालियर। बाड़े पर करोड़ों रुपए की लागत से बन रही अंडरग्राउंड मल्टीलेवल पार्किंग का सोमवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी एलएंडटी को पार्किंग का काम फरवरी-मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, कलेक्टर रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सिंधिया ने पार्किंग के सबसे निचले बेसमेंट में लगातार भर रहे पानी और इसके कारण निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और एलएंडटी को पानी के दबाव और उसके जमा होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पूरी तकनीकी स्टडी करने के निर्देश दिए।
सिंधिया ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए। प्रशासन और एलएंडटी को मिलकर हर तकनीकी पहलू का अध्ययन करना होगा, ताकि ऐसा समाधान निकले जिससे भविष्य में बेसमेंट में पानी भरने की समस्या दोबारा न आए।
पुरानी बोरिंग और गहरी खुदाई से बढ़ी पानी की समस्या
पार्किंग निर्माण के दौरान सबसे बड़ी चुनौती बेसमेंट में लगातार भूजल भरना है। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर मौजूद पुरानी बोरिंग और गहरी खुदाई के कारण पानी का दबाव बढ़ रहा है।
पानी निकालने के लिए कई महीनों से लगातार पंपिंग की जा रही है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। पानी के कारण बेसमेंट का निर्माण प्रभावित हो रहा है। इसी वजह से परियोजना की समयसीमा भी लगातार आगे बढ़ती रही है।
दिसंबर 2020 में एलएंडटी को मिला था काम
पार्किंग का काम दिसंबर 2020 में एलएंडटी को सौंपा गया था। इसके बाद दिसंबर 2021 से निर्माण कार्य शुरू हुआ और इसे 18 महीने में पूरा किया जाना था।
पहली डेडलाइन दिसंबर 2023 तय की गई थी। इसके बाद जून 2024, दिसंबर 2025 और फिर मार्च 2026 तक समयसीमा बढ़ाई गई। हाल ही में अक्टूबर-नवंबर तक काम पूरा करने की बात सामने आई थी, लेकिन बेसमेंट में पानी की समस्या के कारण काम की रफ्तार प्रभावित हुई है। अब सिंधिया ने फरवरी-मार्च तक इसे तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
500 वाहन खड़े होंगे, पार्किंग की समस्या होगी कम
बाड़े में बन रही अंडरग्राउंड मल्टीलेवल पार्किंग में करीब 500 वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इनमें लगभग 300 चार पहिया और 200 दो पहिया वाहनों की क्षमता होगी।
बाड़ा शहर का प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में ग्राहक और व्यापारी रोज पहुंचते हैं। पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़े होते हैं, जिससे कई बार यातायात का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति बनती है।
पार्किंग शुरू होने के बाद वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की सुविधा मिलेगी। इससे बाड़े और आसपास के बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े वाहनों की संख्या कम करने और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव घटाने में मदद मिलेगी।