इंदौर। नलखेड़ा मां बगलामुखी मंदिर में हवन और धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर है। मंदिर प्रबंधन समिति ने अब हवन को लेकर समय सीमा तय कर दी है। नए आदेश के मुताबिक, मंदिर परिसर और बाहर बने हवन प्लॉट में रात 8 बजे के बाद किसी भी तरह का हवन, यज्ञ या धार्मिक अनुष्ठान नहीं कराया जा सकेगा। यह आदेश तहसीलदार और मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव की ओर से जारी किया गया है। समिति का कहना है कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।
रात 8 बजे के बाद नहीं होगा हवन
आदेश के अनुसार, मंदिर परिसर और बाहर बनाए गए हवन स्लॉट में हवन की व्यवस्था तय समय-सारणी के हिसाब से ही चलेगी। रात 8 बजे के बाद किसी भी तरह का हवन, यज्ञ या धार्मिक अनुष्ठान आयोजित करने पर रोक रहेगी। मां बगुलामुखी मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी संबंधित पंडितों, यज्ञशाला संचालकों और श्रद्धालुओं से तय समय का पालन करने की अपील की है।
नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई
मां बगुलामुखी मंदिर समिति की ओर से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।मंदिर प्रबंधन का कहना है कि सभी लोग तय समय और व्यवस्था का ध्यान रखें, ताकि मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन व्यवस्थित तरीके से चलते रहें और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।अब मंदिर में हवन कराने वाले श्रद्धालुओं और यज्ञशाला संचालकों को नए समय नियम के मुताबिक ही अपनी बुकिंग और अनुष्ठान की योजना बनानी होगी।