सीधी। जिले के चंदवाही गांव में रविवार दोपहर सीधी-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। रेलवे विभाग ने रेल लाइन के रास्ते में आने वाले 56 मकानों को हटाने के लिए चिन्हित किया है।
मौके पर एसडीएम सिहावल राकेश शुक्ला, बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे, राजस्व विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के लिए दो जेसीबी मशीनें भी मौके पर बुलाई गईं।
लोगों को मकान खाली करने के निर्देश
प्रशासनिक टीम ने प्रभावित लोगों को मकान खाली करने के निर्देश दिए। रेलवे विभाग की ओर से पहले ही संबंधित मकानों को लेकर नोटिस जारी किए गए थे।
स्थानीय निवासी गीता सिंह ने बताया कि उनके साथ आधीरन सिंह और रणधीर सिंह समेत करीब 56 परिवार कार्रवाई से प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। इसी वजह से कई परिवारों ने मकान खाली नहीं किए हैं।
लोगों का कहना है कि मुआवजा मिलने के बाद उन्हें मकान हटाने पर आपत्ति नहीं है।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और नियमानुसार कार्रवाई चल रही है।
चंदवाही में यह कार्रवाई सीधी-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना के लिए की जा रही है। प्रभावित परिवारों की ओर से मुआवजे का मुद्दा उठाया गया है।