कुकड़ेश्वर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुकड़ेश्वर द्वारा इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय युवाओं ने इंदौर से प्रसारित कार्यक्रम को लाइव देखा और छात्रों एवं युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा विचारों को सुना।
कार्यक्रम में मनासा विधानसभा के नेता मंगेश जी संगई विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जसवंत सिंह चंद्रावत ने बताया कि जो छात्र एवं युवा किसी कारणवश इंदौर पहुंच नहीं पाए, उन्हें कार्यक्रम से जोड़ने के उद्देश्य से कुकड़ेश्वर में लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई। इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उठाए गए छात्र एवं युवा हित से जुड़े विषयों को सीधे सुनने और समझने का अवसर मिला।
लाइव प्रसारण के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवाओं एवं छात्रों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। साथ ही संगठन को मजबूत करने तथा युवाओं की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की इस पहल से कुकड़ेश्वर क्षेत्र के युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इंदौर में आयोजित कार्यक्रम से सीधे जुड़ने का अवसर मिला। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र एवं युवा मुद्दों को लेकर संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।