नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशेष हेलीकॉप्टर रविवार को नीमच के सीआरपीएफ ग्राउंड स्थित हेलीपैड पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए हेलीपैड पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद हैं। वहीं, मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।
हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर तैनात हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर करीब 300 से 400 सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की गई है।
सीआरपीएफ हेलीपैड पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव सीएसबी अग्रोहा भवन में ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के अंतर्गत आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे रामपुरा क्षेत्र के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री ग्राम बासी स्थित डीबीएल हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से ग्राम बूज जाएंगे। यहां चीता परियोजना के गेट क्रमांक-4 पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान कूनो से गांधीसागर लाई गई मादा चीता सीसीबी-2 को रिलीज किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम को ग्राम बासी हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना होंगे।