नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा द्वारा ‘भारत को जानो’ संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत शाखा स्तरीय प्रश्नमंच प्रतियोगिता एवं गुरुवंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन फ्यूचर प्राइड स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, इतिहास, परंपराओं एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कनिष्ठ वर्ग में यश अरुण इंग्लिश स्कूल, जावी के दीक्षार्य दक एवं परिधि पाटीदार की टीम प्रथम रही। वहीं वरिष्ठ वर्ग में पटवा अकैडमी फॉर एजुकेशन के जयांश शर्मा एवं निश्चय पाटीदार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेता टीमें अब प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में नीमच शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 45 शिक्षकों तथा शिक्षा एवं खेलकूद के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले 25 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि ललित कुमार राठी, सुनील कटारिया एवं निलेश पाटीदार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जुड़ने का संदेश दिया।