बोरदिया। जावद विधानसभा क्षेत्र में विगत तीन वर्षों से संचालित ‘सेवा से प्रसन्नता योजना’ के तहत शासकीय माध्यमिक विद्यालय बोरदिया के विद्यार्थियों ने सेवा कार्य कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। योजना के तहत कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को 200 रुपये तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को 500 रुपये प्रति छात्र की राशि प्रदान की जाती है। इस राशि का उपयोग विद्यार्थियों को जरूरतमंद, असहाय एवं बीमार लोगों की सहायता, गोसेवा सहित अन्य सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किया जाता है।
इसी क्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जरूरतमंद परिवारों को कंबल, शॉल एवं कपड़े वितरित किए। वहीं छोटे बच्चों को कॉपी-पेन, खाद्य सामग्री सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं भी प्रदान की गईं। विद्यार्थियों द्वारा किए गए इस सेवा कार्य से उनमें सेवा, सहयोग एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो रही है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए संस्था प्रभारी बालकृष्ण सोलंकी के साथ पूजा बैरागी एवं गोपाल कुमावत का भी सराहनीय सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों में सेवा भावना विकसित करने वाली ऐसी गतिविधियां निरंतर आयोजित होती रहनी चाहिए, ताकि बच्चे जरूरतमंदों की सहायता और समाजसेवा के प्रति प्रेरित हो सकें।