उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को विक्रम उद्योगपुरी (डीएमआईसी), उज्जैन में जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स प्राइवेट लिमिटेड की अत्याधुनिक एपीआई मैन्युफैक्चरिंग इकाई का पट्टिका अनावरण कर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, चिंतामणि मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, राजेंद्र भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में स्थापित यह एपीआई इकाई देश की फार्मास्यूटिकल आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। यह इकाई आयात पर निर्भरता कम करने तथा वैश्विक फार्मा आपूर्ति में भारत की भूमिका को मजबूत करने में योगदान देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दौर है, लेकिन उज्जैन हमेशा से ‘नेचुरल इंटेलिजेंस’ (एनआई) का प्रमुख केंद्र रहा है।
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स की नवीन फार्मास्यूटिकल निर्माण इकाई की स्थापना पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह इकाई स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देगी।
200 करोड़ रुपये तक निवेश प्रस्तावित-
जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स के अनुसार, परियोजना में अब तक करीब 50 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है, जबकि भविष्य में करीब 200 करोड़ रुपये तक निवेश प्रस्तावित है। कंपनी के अनुसार इकाई में अंतरराष्ट्रीय नियामक मानकों के अनुरूप एपीआई, एडवांस्ड इंटरमीडिएट्स, पेप्टाइड्स एवं बायोसिमिलर्स का निर्माण तथा सीएमओ/सीडीएमओ सेवाएं उपलब्ध कराने पर कार्य किया जाएगा। कंपनी की वेबसाइट भी एपीआई, इंटरमीडिएट्स और फाइन केमिकल्स के निर्माण तथा सीएमओ/सीडीएमओ सेवाओं का उल्लेख करती है। जे.के. लाइफकेयर ग्रुप द्वारा जे.के. हॉस्पिटल, महाकालेश्वर आईवीएफ सेंटर एवं स्टैनफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल का संचालन भी किया जा रहा है।
छोटे क्लिनिक से शुरू हुई स्वास्थ्य सेवा की यात्रा-
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. कात्यायन मिश्रा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। डॉ. कात्यायन मिश्रा एवं डॉ. जया मिश्रा ने छोटे से क्लिनिक से शुरू हुई स्वास्थ्य सेवा की अब तक की यात्रा के बारे में जानकारी साझा की।
प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं मंचासीन अतिथियों ने पट्टिका का अनावरण कर नवीन इकाई का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन मोना ठाकुर ने किया। अंत में मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एमपीआईडीसी के राजेश राठौर, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिक एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।