कुकड़ेश्वर। कुकड़ेश्वर स्थित पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘विकसित भारत 2047’ एवं ‘मेरे सपनों का भारत’ की संकल्पना पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन किया।
भाषण प्रतियोगिता में 17 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने विकसित भारत की संकल्पना पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, स्वच्छता, तकनीक, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण एवं देश के उज्ज्वल भविष्य जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में 35 छात्राओं ने सहभागिता की। छात्राओं ने रंगों के माध्यम से भारत के विकास, संस्कृति, प्रकृति एवं आधुनिक भारत की अपनी कल्पना को कागज पर जीवंत रूप दिया।
कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में शिक्षिका गायत्री पोरवाल एवं पूजा पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन प्राचार्य प्रतिनिधि दिनेश राठौर के नेतृत्व तथा वरिष्ठ शिक्षक रमेश मालवीय, राजेंद्र जैन, दिनेश मालवीय एवं पप्पू जोशी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधि के रूप में मंडल अध्यक्ष मदन रावत तथा किसान मोर्चा के हरि सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार चित्रों एवं कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा भाषण प्रतियोगिता में उनके विचार सुने।
अतिथियों ने छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मक सोच एवं देश के भविष्य को लेकर उनकी कल्पनाशीलता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज की बेटियों की सोच और उनके सपने ही आने वाले विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण रहा। छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से यह संदेश दिया कि वे शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।