मंदसौर। मल्हारगढ़ पुलिस ने शनिवार को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 526 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 640 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। तस्करी में इस्तेमाल बजाज प्लेटिना बाइक भी जब्त की गई है।
हाईवे पर बाइक से ले जा रहे थे मादक पदार्थ-
एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मल्हारगढ़ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महू-नीमच हाईवे स्थित कृषि मंडी के सामने कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से लक्की हाडा (19) और राधेश्याम उर्फ कमलेश हाडा (33) को बाइक क्रमांक MP14NG3931 से मादक पदार्थ ले जाते पकड़ा। दोनों कालाखेड़ा, गरोठ के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 526 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 640 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पूछताछ के बाद तीसरा आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ शेराराम को देने जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने कथित खरीदार शेराराम देवासी (24) को भी गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से पंचवा खुर्द, जिला पाली, राजस्थान का निवासी है और वर्तमान में भेखराई नगर, पुणे, महाराष्ट्र में रह रहा था।
भैसोदामंडी के अकरम की तलाश-
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें मादक पदार्थ भैसोदामंडी निवासी अकरम ने उपलब्ध कराया था। पुलिस अब अकरम की तलाश कर रही है। साथ ही मादक पदार्थों के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के अनुसार, मामले में अपराध क्रमांक 175/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 एवं 29 में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थों की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ एवं जांच की जा रही है।