निंबाहेड़ा। जिला अस्पताल परिसर में स्थित निःशुल्क पार्किंग स्थल से पिछले 24 घंटों में दो बाइक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ले जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों में अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अस्पताल परिसर एवं मुख्य मार्ग पर नगर परिषद के सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में सवाल यह है कि इन कैमरों की नियमित निगरानी और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी किस विभाग अथवा संबंधित अधिकारी की है? साथ ही, निःशुल्क पार्किंग स्थल की सुरक्षा एवं निगरानी की जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन, नगर परिषद या किसी अधिकृत सुरक्षा एजेंसी के पास है, यह भी स्पष्ट किया जाना जरूरी है।
जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जरूरत-
वाहन चोरी की घटनाओं के बाद संबंधित प्रशासन को सीसीटीवी फुटेज की तत्काल जांच करवाकर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान के प्रयास करने चाहिए। साथ ही पार्किंग स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी स्पष्ट करते हुए वहां नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों के वाहन सुरक्षित रह सकें।