मंदसौर। शहर में गुरुवार रात करीब 10.30 बजे जैन कॉलेज के पास दो बाइक की टक्कर में दो युवक घायल हो गए। हादसे में बोतलगंज निवासी 18 वर्षीय समीर पिता जाफर नियारगर को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार 16 वर्षीय अरमान पिता शब्बीर भी घायल हुआ। टक्कर के बाद अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
पिता को लेने रेलवे स्टेशन जा रहा था समीर-
परिजनों के अनुसार, समीर अपने पिता जाफर को लेने बोतलगंज से मंदसौर रेलवे स्टेशन जा रहा था। जाफर ट्रक चालक हैं और दो दिन पहले ट्रक छोड़ने जयपुर गए थे। वहां से ट्रेन के जरिए मंदसौर लौट रहे थे। इसी के चलते समीर उन्हें लेने बाइक से रेलवे स्टेशन जा रहा था।
मंदसौर पहुंचने के बाद कृषि उपज मंडी क्षेत्र पार कर समीर जैन कॉलेज के पास पहुंचा था। इसी दौरान सामने से आए अज्ञात बाइक सवार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
चेहरे पर गंभीर चोट, 10 से ज्यादा टांके लगे-
हादसे में समीर के दोनों हाथ, कंधे और चेहरे पर चोटें आई हैं। चेहरे पर गंभीर चोट होने के कारण उसे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चोटों पर 10 से अधिक टांके लगाए गए। उसका उपचार जारी है। समीर के साथ बाइक पर सवार अरमान के हाथ में चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
राहगीर ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल-
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस अज्ञात बाइक सवार की तलाश कर रही है।