जीरन। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हो रही तेज बारिश के चलते रेतम नदी उफान पर आ गई है। कुंचडोद के समीप काका साहब गाडगिल सागर बांध के 9 में से 7 गेट शुक्रवार शाम तक खोल दिए गए। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे मल्हारगढ़ से कुंचडोद-जीरन और नयाखेड़ा जाने वाले मार्ग की पुलिया पानी में डूब गई। इसके चलते इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया।
पुलिया डूबने से आवागमन बंद-
रेतम नदी में तेज बहाव के कारण पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। लोगों से अपील की गई है कि वे बहते पानी के बीच से रास्ता पार करने का प्रयास न करें।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा-
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शत्रुघ्न चतुर्वेदी, हल्का पटवारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और पुलिया की स्थिति का जायजा लिया तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
नदी किनारे गांवों में पुलिस गश्त बढ़ाई-
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जीरन थाने के चार पुलिस जवान प्रभावित क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। पुलिस द्वारा चलदू, पलसोड़ा सहित नदी किनारे बसे आसपास के गांवों में लगातार गश्त की जा रही है।
बारिश जारी रही तो और बढ़ सकता है जलस्तर-
क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने से नदी और बांध के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। बारिश बढ़ने की स्थिति में रेतम नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।