ओंकारेश्वर। “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” के जयघोष के साथ अखिल भारतीय दशोरा नागर समाज धर्मशाला ट्रस्ट, ओंकारेश्वर के तत्वावधान में 32वें श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। आयोजन 18 से 26 सितंबर 2026 तक चलेगा।
शुक्रवार शाम 4 बजे धर्मशाला ट्रस्ट परिसर से भव्य कलश यात्रा प्रारंभ हुई। इसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। विभिन्न मार्गों से होते हुए कलश यात्रा पुनः धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कलश यात्रा में महिला मंडल प्रदेश सचिव, जिला उपाध्यक्ष, सनावद मंडल अध्यक्ष तथा विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी मातृशक्ति की प्रखंड संयोजिका श्रीमती आरती गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने समाज की महिलाओं के साथ कलश यात्रा में सहभागिता की।
19 सितंबर से होगी कथा-
श्रीमद् भागवत कथा का वाचन पंडित दिलीप चंद्र तारे, उमरखली के श्रीमुख से किया जाएगा। कथा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक ट्रस्ट की धर्मशाला में होगी।
कथा प्रारंभ: 19 सितंबर, शनिवार (अष्टमी)
कथा विराम एवं पूर्णाहुति: 26 सितंबर, शनिवार (पूर्णिमा)
प्रमुख मनोरथी: दिनेश कुमार मंडलोई एवं सुधीर कुमार मंडलोई, ऊन।
प्रतिदिन होगा भंडारा-
19 से 25 सितंबर तक समाज के विभिन्न परिवारों द्वारा प्रातः एवं सायंकाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों में ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कुमार दशोरे, उपाध्यक्ष साधना गुप्ता, सचिव अशोक कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष रमेशचंद्र गुप्ता सहित प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्य जुटे हुए हैं।