मंदसौर। नाहरगढ़ क्षेत्र के कयामपुर ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष एवं युवा नेता कन्हैयालाल गुर्जर उर्फ कान्हा (30) का गुरुवार रात अचानक निधन हो गया। परिजनों के अनुसार, अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनका निधन हो गया। वे शादीशुदा थे और उनका छह वर्षीय बेटा है।
कन्हैयालाल के अचानक निधन की खबर से नाहरगढ़ क्षेत्र, गुर्जर समाज एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
कन्हैयालाल किसान कांग्रेस से जुड़े होने के साथ सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय थे। क्षेत्र में वे अपने मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के लिए जाने जाते थे।
पैतृक गांव आवरी में निकली अंतिम यात्रा-
कन्हैयालाल की अंतिम यात्रा शुक्रवार सुबह उनके पैतृक गांव आवरी, तहसील सीतामऊ से निकाली गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं परिचित शामिल हुए।
कन्हैयालाल के निधन पर कांग्रेस नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।