शुजालपुर। शुजालपुर के जामनेर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उच्च शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार सहित कलेक्टर, एसपी और जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन दिए। कलेक्टर ऋजु बाफना, एसपी प्रियंका शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर एवं शुजालपुर एसडीएम अंकिता पटकार ने कई आवेदनों का मंच से ही निराकरण किया।
कलेक्टर ऋजु बाफना ने बताया कि जिन आवेदनों का मौके पर निराकरण संभव था, उनका शिविर में ही समाधान किया गया है। वहीं, कुछ आवेदनों में संबंधित विभागों से जांच और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उच्च शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण पहल के तहत पूरे मध्यप्रदेश में शुक्रवार को जिला स्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य गांव और गरीब परिवारों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
मंत्री ने बताया कि शिविर में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के महिला-पुरुषों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं, ताकि बुजुर्गों और ग्रामीणों को कार्ड बनवाने के लिए कहीं और जाने की जरूरत न पड़े।