शाजापुर। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के मार्गदर्शन में जिले में गुम इंसानों की तलाश एवं दस्तयाबी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गुम हुए व्यक्तियों की शीघ्र तलाश कर उन्हें सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाना है।
अभियान के प्रथम चरण में 1 से 8 सितंबर 2026 तक पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए 34 पुरुष एवं 35 महिलाओं सहित कुल 69 गुम इंसानों को दस्तयाब किया। वहीं द्वितीय चरण में 9 से 18 सितंबर 2026 तक 15 पुरुष एवं 43 महिलाओं सहित कुल 58 गुम इंसानों को दस्तयाब किया गया।
इस प्रकार दोनों चरणों में शाजापुर पुलिस ने 49 पुरुष एवं 78 महिलाओं सहित कुल 127 गुम इंसानों को दस्तयाब कर उनके परिजनों तक पहुंचाने की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय ने जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गुम इंसानों की तलाश को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के पालन में पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर तलाश एवं आवश्यक पतारसी कर गुम व्यक्तियों को दस्तयाब किया जा रहा है।
अभियान आगे भी रहेगा जारी-
शाजापुर पुलिस का गुम इंसानों की तलाश एवं दस्तयाबी का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। शेष गुम इंसानों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास करेंगी तथा तकनीकी एवं मैदानी संसाधनों का उपयोग कर उन्हें सकुशल परिजनों से मिलाने की कार्रवाई की जाएगी।