नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जावद विकासखंड के ग्राम मोरका स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग विवेक कुमार पोरवाल एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्र ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र में बच्चों के पोषण, पूर्व प्राथमिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा संचालित गतिविधियों का जायजा लिया।
प्रमुख सचिव एवं कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति, पोषण माह के तहत संचालित गतिविधियों, नाश्ता वितरण तथा खेल-खेल में शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनके अक्षर ज्ञान और गिनती की जानकारी भी प्राप्त की।
आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के सीखने के लिए दीवारों पर आकर्षक चित्रांकन, अक्षर एवं गिनती प्रदर्शित की गई है। साथ ही शैक्षणिक सामग्री और टीवी की व्यवस्था भी की गई है। बच्चों के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा का भी अधिकारियों ने अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान बच्चों को वितरित किए जा रहे नाश्ते (दलिया) की गुणवत्ता देखी गई। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण नाश्ता एवं गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पोषण आहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण के साथ-साथ सीखने के लिए अनुकूल एवं बेहतर वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गुप्ता, सीडीपीओ सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।