मंदसौर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार सुबह मंदसौर में शिवना नदी के घाट पर सामूहिक साफ-सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी शामिल हुए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प के साथ देश की सेवा की है। उनके अनुसार, विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद लोगों को उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प का भी उल्लेख किया।
पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ-
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने उपस्थित लोगों को मंदसौर नगर, प्रदेश और देश के पर्यावरण को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने शिवना नदी को प्रदूषण से बचाने और उसे स्वच्छ रखने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर योगदान देने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
अभियान के तहत आयोजित श्रमदान के दौरान शिवना नदी के घाट और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।