खरगोन। जिले के खलटाका पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक सुपर कैरी टेम्पो को पकड़कर उसमें क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जा रहे छह गौवंश को मुक्त कराया। पुलिस ने गौवंश परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सुपर कैरी टेम्पो में अवैध रूप से गौवंश का परिवहन किया जा रहा है और वाहन खलटाका पुलिस चौकी के सामने से गुजरने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने चौकी के सामने वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान खलघाट की ओर से आ रहे सफेद रंग के सुपर कैरी टेम्पो को घेराबंदी कर रोका गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छह गौवंश क्रूरतापूर्वक भरे हुए मिले। चालक से गौवंश परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।