नीमच। प्रदेश के नौ सरकारी मेडिकल कॉलेजों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर संचालित करने की प्रस्तावित व्यवस्था में नीमच मेडिकल कॉलेज के शामिल होने की खबरों के बीच संयुक्त मजदूर किसान मोर्चा जिला नीमच ने इसका विरोध जताया है। मोर्चे ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टोरेट पहुंचकर अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मोर्चे ने कहा कि नीमच में मेडिकल कॉलेज स्थापित कराने के लिए क्षेत्र की जनता ने लंबे समय तक आंदोलन किया था। ऐसे में मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मॉडल पर दिए जाने का निर्णय नीमच की जनता को स्वीकार नहीं है। मोर्चे ने सरकार से नीमच सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों को पीपीपी मॉडल पर देने के निर्णय को वापस लेने की मांग की।
मोर्चे ने चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो नीमच के मजदूर, किसान, आम नागरिक, छात्र और युवा सरकार के निर्णय के खिलाफ आंदोलन करेंगे। ज्ञापन में आंदोलन की स्थिति के लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार बताया गया है।